सहारनपुर। त्योहारी सीजन में यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे की ओर से घोषित की गई 39 ट्रेनों में एक गाड़ी यहां के रेलयात्रियों को भी मिलेगी। नई दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन स्पेशल श्रेणी के अनुरूप चलेगी और इसमें आरक्षित सीटें रहेंगी। अभी इस ट्रेन की पूरी समयसारिणी आना बाकी है। पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन के बीच यात्रियों के लिए यह थोड़ी सी राहत जरूर है। यहां के यात्रियों को नई दिल्ली रूट पर जाने का विकल्प मिलेगा।
अन लॉक पीरियड में रेलवे की ओर से अब तक घोषित की गई ट्रेनों में ज्यादातर गाड़ियां बिहार, पंजाब और हरियाणा के शहरों में जाने वाली रही हैं। काफी समय से दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ जैसे शहरों में जाने के लिए यात्रियों की ओर से ट्रेनों की मांग की जा रही है। ऐसे यात्रियों के लिए अब विकल्प उपलब्ध हो सकेगा। इससे पहले घोषित 200 स्पेशल ट्रेनों में यहां के यात्रियों को चार प्रमुख ट्रेनें मिली थीं, जबकि क्लोन स्पेशल के रूप में भी दो गाड़ियों का संचालन शुरू हुआ था। पिछले एक सप्ताह से भी अधिक समय से पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन के कारण ट्रेनों का संचालन बाधित चल रहा है।
इन दिनों पंजाब की ओर जा रही ट्रेनों को सहारनपुर या अंबाला तक ही चलाया जा रहा है। इसके चलते कई बार यात्री हंगामा तक कर चुके हैं, लेकिन इस रूट के लिए रेलवे आंदोलन की स्थिति पर निर्भर है।
बदले रूट से निकाली गईं रोडवेज बसें
मुजफ्फरनगर में महापंचायत के कारण यहां से संचालित की गई रोडवेज बसों को बदले रूटों से जाना पड़ा। इसके चलते यात्रियों के लिए सफर कुछ मुश्किल भरा रहा। दोपहर तक जाने वाली बसों में यात्रियों की संख्या भी कुछ कम रही। रोडवेज के क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक जगदीश सिंह ने कहा कि ज्यादा असर तो नहीं पड़ा है, लेकिन बदले रूटों से ही बसों को भिजवाया गया।