गागलहेड़ी। नशे की हालत में टोके जाने की रंजिश में युवक ने पड़ोसी पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात के दो दिन बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट भी बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की वजह भी बताई।
मंगलवार को पुलिस लाइन में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव हसनपुर भलस्वा निवासी प्रदीप ने 27 जून को तहरीर दी थी, जिसमें बताया था कि चाचा सतपाल पर पीछे से ईंट से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस संबंध में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। उपचार के दौरान 29 जून को मेडिकल कॉलेज में सतपाल की मौत हो गई, जिसके बाद प्राथमिकी में हत्या की धारा बढ़ा दी गई।
पूछताछ में आरोपी भोज ने बताया कि सतपाल पड़ोस में रहने वाले रामकिशन के यहां काम करता था। 26 जून को रास्ते में दोनों की मुलाकात हुई। उस समय आरोपी नशे में था और सतपाल ने उसे टोका था। इसी बात से नाराज होकर अगले दिन उसने सतपाल को घर लौटते समय रास्ते में रोक लिया और उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सतपाल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी भोज को गांव से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट बरामद की।