-जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर आई शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर आई सभी शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण कराया जाए। आम आदमी की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। कृषि, पशुपालन, ग्राम पंचायत, मनरेगा सहित सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर जनकल्याणकारी योजनाओं से अधिक से अधिक पात्रों को लाभान्वित करें।
सोमवार को विकास भवन सभागार में हुई बैठक में उन्होंने विकास योजनाओं की मासिक समीक्षा की। साथ ही उन्होंने 15 अगस्त को होने वाले पौधारोपण अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की।जिलाधिकारी ने कहा कि वृहद गौ आश्रय स्थलों के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, जिससे अधिक से अधिक गोवंश को संरक्षित किया जा सके। सभी चारागाह की भूमि पर अनिवार्य रूप से नेपियर घास उगाई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
15 अगस्त को होने वाले पौधारोपण के संबंध में डीएफओ गौतम राय ने बताया कि जनपद को कुल 44 लाख पौधारोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ था। इसमें से 22 जुलाई को 37 लाख से अधिक पौधे रोपित किए जा चुके हैं। शेष पौधारोपण का लक्ष्य 15 अगस्त को पूरा किया जाएगा। इस दौरान
मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी जगपाल कौशिक, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अमित कुमार आदि मौजूद रहे।