विदाई के समय ग्रामीणों के साथ इरेन।
- फोटो : SAHARANPUR
शोध पूरा होने पर इरेन को दी नैनखेड़ी वासियों ने बधाई
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। इटली से आई हुई शोध छात्रा इरेन को आदर्श गांव नैनखेड़ी में आयोजित समारोह में क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उनका शोध पूरा होने पर बधाई देते हुए विदाई दी।
गांव नैनखेड़ी स्थित झील किनारे आयोजित समारोह में पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुकेश चौधरी और घनश्याम चौधरी ने इटेलियन शोध छात्रा इरेन को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मास्टर डिग्री के लिए शोध करने के लिए भारत के नार्थ इंडिया के गांव नैनखेड़ी को चुना है। इसके लिए हम सब ग्राम वासी उनके आभारी है। एक माह पूर्व रामपुर मनिहारन के गांव नैनखेड़ी शोध के लिए पहुंची इटेलियन छात्रा का शुक्रवार को सभी ग्रामीणों ने बड़े धूमधाम के साथ विदाई समारोह का आयोजन किया। समारोह में उपस्थित पोंड मैन रामवीर तंवर, पूर्व प्रमुख घनश्याम, वराह आयुर्वेदिक के सीईओ अक्षय पुंडीर, जल निगम से इंजीनियरिंग अरुण कुमार रविंद्र चौधरी, ब्रह्मसिंह चौधरी, ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह और रामपुर से मोक्षयातन योग सेंटर के गुरु शशिकांत और उनकी पूरी टीम ने शानदार योगा कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। अपने संबोधन में शोध छात्रा ने गांव नैनखेड़ी के ग्राम प्रधान व सभी ग्रामवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि आप सभी ने जो मुझे सहयोग और प्यार दिया जिस वजह से मेरा शोधकार्य अच्छे तरह से हो पाया। इरेन ने कहा कि नैनखेड़ी जैसा गांव सहारनपुर जिले में होना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। वे भविष्य में पुन: गांव में आना चाहेंगी।
मुकेश चौधरी ने कहा कि अगले एक दशक में हमारा प्रयास रहेगा कि इस जनपद में अन्य कुछ गांव नैनखेड़ी की तर्ज पर विकसित किए जाएं जिससे पर्यटकों और शोध छात्रों का ध्यान इस तरफ आकर्षित होगा। ग्राम प्रधान सुरेंद्र पंवार ने कहा कि यह सभी गांव वासियों के सहयोग से ही संभव हो पाया है। उम्मीद है कि आगे भी इस तरह गांव विकास की ऊंचाइयों को छूता रहेगा। पोंड मैन रामवीर तंवर ने कहा कि गांव का तालाब देश विदेश में भी मीडिया की सुर्खियां बना रहता है जो कि क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
रामपुर मनिहारान के गांव नैनखेड़ी में इटेलियन शोध छात्रा को स्मृति चिन्ह भेंट कर विदाई देते ग्रा?- फोटो : SAHARANPUR