संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि छुटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल अपने बीएलए अवश्य नियुक्त करें। कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ इस बात का भी ध्यान रखें कि बालिकाओं की शादी के बाद दूसरे स्थान पर वोट बन जाता है। उनका नाम मतदाता सूची से हटवाएं। किसी मतदाता की मृत्यु हो जाने पर उसका मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त करके या अन्य स्थान पर प्रवास करने पर सत्यापन के उपरांत ही उसका नाम सूची से हटाया जाए। जो मतदाता 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वह अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु प्रारूप-6 में आवेदन कर सकते है।
जनपद में 2718 मतदेय स्थलों पर बीएलओ नियुक्त है। किसी भी मतदाता का नाम बिना नोटिस दिए एवं बिना सत्यापन किए नहीं काटा जाएगा। बैठक के बाद उन्होंने सील्ड ईवीएम/वीवीपैट गोदाम का राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.अर्चना द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, अपना दल जिलाध्यक्ष राजकुमार पंवार, सपा के अब्दुल गफूर, कांग्रेस से सुधांशु धनगर आदि मौजूद रहे।