सहारनपुर। ईद-उल-अजहा त्योहार पर थाना कुतुबशेर और थाना मंडी परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि कोई भी नई परंपरा शुरू न की जाए। सड़कों पर नमाज न पढ़ें।
ईद-उल-अजहा त्योहार पर शांति और आपसी सौहार्द को बनाए रखने पर बल दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि खुले में कुर्बानी न करें। कुर्बानी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल न करें। सभी ने अपने पड़ोसी की भावनाओं का ख्याल रखने को कहा। निगम के अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि पानी, स्ट्रीट लाइट, सफाई, कूड़ा उठान आदि की व्यवस्था बेहतर रहेगी। सभी ने त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। इस मौके पर मौलवी फरीद, मौलाना साजिद, पार्षद मंसूर बदर, हेल्थ ऑफिसर डॉ. परवीन शाह, जलकल अभियंता वीबी सिंह आदि मौजूद रहे।