सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहारनपुर जिले के ब्लाक बलियाखेड़ी क्षेत्र के गांव चुन्हैटी गाड़ा निवासी बाला देवी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये सीधा संवाद किया। प्रधानमंत्री ने योजनाओं का लाभ मिलने से लेकर यह भी पूछा कि किसी बिचौलिये ने 500 या 1000 रुपये तो नहीं लिए, किसी तरह की तकलीफ तो नहीं हुई। यह भी कहा कि हमें भी खाने पर बुलाओगे। बाला देवी ने भी प्रधानमंत्री के प्रश्नों का जवाब दिया और शुभकामनाएं दीं। पेश है पीएम नरेंद्र मोदी और बाला देवी के बीच हुआ संवाद...
पीएम - बाला देवी जी नमस्ते
बाला देवी - नमस्ते जी सर नमस्ते, प्रधानमंत्री जी नमस्ते
पीएम -- आप क्या काम करती हो
बाला देवी- मजदूरी करते हैं और पशु (भैंस) भी पालते हैं, मनरेगा में भी कार्य करते हैं।
पीएम- ये बताइये कि किसी भी सरकारी योजना में बिचौलिए ने पैसा तो नहीं लिया, कोई तकलीफ तो नहीं हुई।
बाला देवी- नहीं साहब किसी ने पैसा नहीं लिया, कोई परेशानी नहीं हुई
पीएम- योजना का पैसा सीधे आपके खाते में आ गया है
बाला देवी - हां साहब, सीधे खाते में आया है पैसा
पीएम - आपके गांव में बिजली और पानी है, सड़कें पक्की हैं
बाला देवी - हां जी सड़कें अच्छी हैं, पानी और बिजली भी मिल रही है।
पीएम- अच्छा ये बताओ जब आपका अपना पक्का घर होगा तो, आप क्या सोचती हैं परिवार की सुरक्षा बढ़ेगी, तकलीफ कम होगी।
बाला देवी - अच्छा लगेगा जी, बहुत धन्यवाद।
पीएम - हमको भी कभी खाने पर बुलाओगे।
बालादेवी - हां जी बुलाएंगे, आपको धन्यवाद, बुलाएंगे जी सरकार।
पीएम - मैं आपका बहुत आभारी हूं, आप सबका आशीर्वाद बना रहे, आप सबके पक्के घर बन जाएं, कोई गरीब बिना घर के न रहे, बहुत धन्यवाद सबका।
बाला देवी - आपका धन्यवाद जी, आपको लंबी उम्र दे भगवान, बार बार सरकार बने
पीएम को खिलाएंगी रसगुल्ले और बर्फी
सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा संवाद होने पर बाला देवी काफी खुश नजर आईं। एनआईसी से बाहर निकलने पर जब बाला देवी से पूछा गया कि प्रधानमंत्री से बात करके कैसा लगा तो वह बोलीं बहुत अच्छा लगा। पीएम ने उनसे खाने पर बुलाने के लिए कहा तो उन्हें क्या खिलाएंगी, इस पर बाला देवी हंसते हुए बोलीं कि मिठाई रसगुल्ले और बर्फी खिलाएंगी।
मजदूरी कर गुजर बसर करता है परिवार
सहारनपुर। बाला देवी अनुसूचित जाति से हैं। उनके पति बिजेंद्र की 10 साल पूर्व मृत्यु हो चुकी है। उनके परिवार में बड़ी दो बेटियां और उनसे छोटे दो बेटे हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा अजय (19 वर्षीय) पोलियो ग्रस्त है, छोटा बेटा रजत 16 साल का है। बाला देवी ने बताया कि परिवार मजदूरी करके गुजर बसर करता है। अभी तक उनके पास कच्चा मकान था, अब योजना का लाभ मिलने पर मकान पक्का हो जाएगा।