सहारनपुर। रमजान का महीना होने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में बड़ी संख्या में मुस्लिम भी जुलूस के रूप में पहुंचे। वह मोदी की एक झलक पाने को बेताब दिखे। पीएम मोदी की जनसभा में यूं तो लोगों की भारी भीड़ थी, लेकिन इसमें एक तबका ऐसा पहुंचा। जिसका इस जनसभा में शामिल होना विपक्षी दलों के समीकरण बिगाड़ सकता है।
पीएम की जनसभा में मुस्लिम समाज के लोग जुलूस की शक्ल में पहुंचे। इसमें काफी संख्या में बुजुर्ग और युवा टोपी लगाए नारे लगाते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। भाजपा की जनसभा में मुसलमानों की मौजूदगी कांग्रेस और बसपा के लिए टेंशन का कारण बन सकती है। वहीं, मोदी की जनसभा में बुनकर एवं कामगार प्रकोष्ठ भाजपा उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश संयोजक एम.आजाद अंसारी के नेतृत्व में भारी संख्या में मुस्लिम शामिल हुए। इसमें हाजी जहीर अहमद, हाजी इकबाल, कारी अनवर, शहजाद आलम, इमरान मलिक आदि मौजूद रहे।
मोदी भाईजान को हर कोई चाहता है : मुशर्रफ
सहारनपुर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के घटक दल मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के विभाग संयोजक राव मुशर्रफ भी अपने समर्थकों के साथ पीएम मोदी की जनसभा में शामिल हुए। देवबंद क्षेत्र के बन्हेड़ा खास गांव निवासी राव मशुर्रफ ने कहा कि मोदी भाईजान को हर कोई दिलों जान से चाहता है। इसलिए उनकी जनसभा में हर धर्म का व्यक्ति शामिल है।