सहारनपुर। देवबंद थाना पुलिस ने घलौली गांव निवासी पुष्पेंद्र हत्याकांड का खुलासा करते हुए हत्यारोपी लक्ष्मण को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान हत्यारोपी ने उधार दिए रुपये मांगने पर रस्सी से गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल रस्सी को बरामद किया है।
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि छोटी दिवाली(सात नवंबर) पर घलौली निवासी पुष्पेंद्र घर से निकला था। उसके बाद नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव गांव रणखंडी में श्मशान घाट के पास मिला था। मां पाल्ली ने गांव रणखंडी के रहने वाले लक्ष्मण पर बेटे पुष्पेंद्र की हत्या का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई थी। कई बार पुलिस टीम गांव रणखंडी पहुंची, लेकिन आरोपी मौके पर नहीं मिला। उसकी तलाश करते हुए हरियाणा के गुरुग्राम तक पहुंची। बुधवार को पुलिस टीम ने रणखंडी गांव की तरफ जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया।
-
इसलिए दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपी लक्ष्मण ने बताया कि पुष्पेंद्र को काफी समय से जानता था। उसने पुष्पेंद्र से कुछ रुपये उधार ले रखे थे। सात नवंबर को छोटी दिवाली की रात करीब नौ बजे पुष्पेंद्र रणखंडी से बाहर सुभाष चौक पर उससे मिलने आया था। इसके बाद दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान उधार के रुपये मांगने को लेकर दोनों के बीच गाली-गलौज और विवाद हो गया। बातचीत के दौरान वह पुष्पेंद्र को रणखंडी से घलौली जाने वाले रास्ते पर श्मशान घाट के सामने ले गया। वहां जनक के गन्ना खेत के पास उसने पुष्पेंद्र को धक्का दे दिया। इससे वह मुंह के बल जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने अपनी जेब में रखी छोटी रस्सी से पुष्पेंद्र के गले में फंदा लगाया और उसकी कमर पर पैर रखकर रस्सी खींच दी। कुछ देर बाद देखने पर पुष्पेंद्र की मौत हो चुकी थी। इसके बाद आरोपी रस्सी अपने साथ लेकर वहां से चला गया। आरोपी ने रस्सी को रणखंडी से कुटेसरा जाने वाले रास्ते पर मंदिर से कुछ आगे नहर बंबे के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर रस्सी बरामद कर ली।