बदमाशों द्वारा तांबा निकालने के बाद खाली पड़े बक्स
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट/शाकंभरी (सहारनपुर)। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव मगनपुरा के पास स्थित स्टोन क्रशर पर हथियारबंद बदमाशों ने मुंशी व चौकीदारों को बंधक बनाकर चार हजार रुपये नकदी और तांबा लूट लिया। सुबह होने पर खेतों में काम कर रहे किसानों ने कमरे में बंद किए गए मुंशी व चौकीदारों को बाहर निकाला। वहीं, पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तरफ से चोरी के आरोप में तहरीर दी है, उसी अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
बदमाशों ने यह वारदात सोमवार रात करीब 10 बजे अंजाम दिया। शिखर स्टोन क्रशर पर चौकीदार साजिद व अकरम टहल रहे थे। उन्हें किसी के आने की आहट हुई। इस पर अकरम ने उनके चेहरे पर टॉर्च की रोशनी मारी, तो बदमाशों ने उनको गाली दी। इससे पहले वह दोनों कुछ समझ पाते बदमाशों ने इनको पकड़ लिया। अकरम के मुताबिक बदमाश आठ थे, जिनमें से दो ने मास्क लगाया था। इसके बाद बदमाशों ने मुंशी राकेश को क्रशर के कांटे से उठाकर चौकीदारों के साथ जनरेटर के कमरे में बंद कर दिया। उनके मोबाइल फोन पहले ही छीन लिए थे। इसके बाद उन्होंने जनरेटरों से केबिल निकाली और उन्हें फूंक कर तांबा निकालते रहे। क्रशर के कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर 2600 रुपये की नकदी व तीनों की जेब से 1600 रुपये, गैस कटर भी लूट लिया। केबिल से निकाले तांबे की कीमत भी लाखों में बताई गई है। मुंशी और चौकीदारों के मुताबिक बदमाश कई घंटे क्रशर पर रहे। सुबह होने पर करीब 7 बजे खेतों में काम करने गए ग्रामीणों ने मुंशी और चौकीदारों को कमरे से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। थाना प्रभारी मिर्जापुर अमरदीप लाल का कहना है कि क्रशर पर चोरी की वारदात हुई है और पीड़ितों द्वारा चोरी की ही तहरीर दी गई। उसी आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। एसपी देहात अतुल शर्मा का कहना है कि घटना के संबंध में गंभीरता से जांच कराई जाएगी।
बदमाशों द्वारा तांबा निकालने के बाद खाली पड़े बक्स- फोटो : SAHARANPUR
मुंशी राकेश- फोटो : SAHARANPUR
चौकीदार अकरम- फोटो : SAHARANPUR