व्यापारियों के साथ बैठक करते मेयर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में महापौर मिलते ही शहर से अतिक्रमण हटाने के लिए कड़े कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रशासन 50 साल पुराने रिकार्ड के आधार पर अतिक्रमण को चिह्नित कर हटाएगा। महापौर ने कमिश्नर, डीएम और नगरायुक्त के साथ बैठक की है। अब केवल अभियान शुरू करना बाकी है।
अतिक्रमण शहर की प्रमुख समस्या है। आलम यह है कि शहर के सभी प्रमुख बाजारों में दुकानों का बड़ा हिस्सा सड़कों पर सजता है। इसके अलावा उनके वाहन भी सड़कों पर ही खड़े होते हैं। नेहरू मार्केट, प्रताप मार्केट मोरगंज, शहीद गंज, हिरनमारान, रायवाला, लोहानी सराय समेत अनेक बाजार में राहगीरों के लिए निकलना मुश्किल रहता है।
यही वजह है कि इन बाजारों में दिन भर जाम रहता है। इसके अलावा चकराता रोड पर पुल जोगियान के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने नवाब गंज चौक तक सड़क के दोनों ओर 30 से 40 फुट तक अतिक्रमण है। नवाब गंज से आगे नगर निगम का नलकूप और जनता रोड बस अड्डा भी सड़क पर ही चल रहा है।
पुरानी चुंगी से आगे सड़क पर डेयरियां चल रही हैं। अंबाला रोड पर घंटाघर से मेला गुघाल पुल तक हाइवे के दोनों ओर दुकानदारों ने 50 से 60 फुट तक सड़क पर सामान रखा हुआ है। रायवाला में दुकानों के सड़कों पर सजने से ऐसी स्थिति है कि दोपहिया वाहन तक बीच से गुजर नहीं सकते हैं। इसी तरह तमाम बाजार अतिक्रमण की जद में हैं।
महापौर संजीव वालिया ने नगरायुक्त गौरव वर्मा के साथ मिलकर शहर के व्यापारी नेताओं के साथ बैठक की और अतिक्रमण हटाने की तैयारी से अवगत कराया। उन्होंने व्यापारियों से सहयोग भी मांगा।