सहारनपुर। नगर निगम तालाबों का जीर्णोद्धार करा रहा है। इसकी शुरुआत महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने रविवार को हलालपुर के दो तालाबों से की। महापौर और नगरायुक्त ने हलालपुर की गलियों में घूमकर लोगों से बात भी की।
महापौर संजीव वालिया ने तालाब किनारे गेंती मारकर तालाब की खोदाई शुरू कराई। महापौर ने निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आलोक श्रीवास्तव, एई एचए नकवी और जेई रामप्रसाद को तालाब में होने वाले निर्माण संबंधी कार्यों के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी अतिरिक्त मिट्टी तालाब से निकलेगी, उसका सही उपयोग किया जाए। महापौर ने बताया कि हलालपुर में तीन तालाबों का जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण किया जाएगा। तालाबों की खोदाई के साथ ही उनके तटबंधों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स का कार्य व ग्रामीणों के बैठने के लिए बैंच की व्यवस्था की जाएगी। इनके अलावा दो तालाबों का जीर्णोद्धार सड़क दूधली में किया जाएगा। इनमें एक तालाब रजबहे की पटरी पर है, जबकि दूसरा छात्रावास के पास है। महापौर ने बताया कि चक देवली के खसरा नंबर 18 में तालाब की खोदाई एवं तटबंध पर इंटरलॉकिंग टाइल्स तथा हसनपुर में रविदास मंदिर के सामने तालाब की खोदाई कर सुंदरीकरण किया जाएगा। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में सात तालाबों के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण किया जाना है। 110 से अधिक तालाबों के सुंदरीकरण की योजना नगर निगम व एसडीए द्वारा बनाई गई है। इस मौके पर पूर्व विधायक राजीव गुंबर, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, उप्र व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य दिनेश सेठी, पार्षद प्रतिनिधि नितिन सिंघल, नीरज शर्मा, सुभाष, राकेश सैनी, बिरजू, राहुल, भगत सैनी आदि मौजूद रहे।