सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह कल यानी 22 फरवरी को जनमंच प्रेक्षागृह में होगा। इसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अध्यक्षता करेंगी। साथ ही राज्य सरकार के कई मंत्री और जनपद के गण्यमान्य भी कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। कुलपति प्रो. एचएस सिंह ने मंगलवार को दीक्षांत समारोह के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगा। जिसके मुख्य अतिथि योग आचार्य पद्मश्री भारत भूषण रहेंगे, जबकि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री उच्च शिक्षा रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि रहेंगी। कुल 12,755 विद्यार्थियों को उपाधि दी जाएंगी। इनमें 32 फीसदी यानी 4077 छात्र और 68 फीसदी यानी 8677 छात्राएं शामिल हैं, जबकि एक थर्ड जेंडर है। राज्यपाल जो कुलाधिपति भी हैं, वह छह विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक देंगी, जिनमें दो छात्र और चार छात्राएं शामिल हैं। कुलपति के द्वारा 49 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे, जिनमें 19 छात्र और 30 छात्राएं शामिल हैं। प्रायोजित स्वर्ण पदक एक है, जो भूगोल की छात्रा को दिया जाएगा। दीक्षांत समारोह में आर्ट के 22 पाठ्यक्रमों, विज्ञान के 12 पाठ्यक्रमों, शिक्षा के चार पाठ्यक्रमों, कृषि के पांच पाठ्यक्रमों और कॉमर्स के एक पाठ्यक्रम में उपाधियां दी जाएंगी। दीक्षांत समारोह में पांच आंगनबाड़ी को किट प्रदान की जाएगी। इसके अलावा सात परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 30 विद्यार्थियों को राज्यपाल के हाथों पुस्तकें भेंट की जानी हैं। पत्रकार वार्ता में कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य भी मौजूद रहे।