सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय को पीएम ऊषा योजना के तहत 20 करोड़ रुपये की सौगात मिली है। इन 20 करोड़ रुपये से विश्वविद्यालय की शिक्षा व्यवस्था के साथ ही मूल्यांकन और अन्य व्यवस्थाओं में भी बड़ा सुधार होगा। विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा पीएम उषा योजना के डिजिटल शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इससे पहले कुलपति प्रो. एचएस सिंह ने पत्रकार वार्ता कर तमाम जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पीएम उषा योजना के तहत विश्वविद्यालय को 20 करोड़ रुपये की धनराशि का अनुदान प्राप्त हुआ है। इस धनराशि से परिसर में एक केंद्रीय मूल्यांकन केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है। रैनोवेशन अपग्रेडेशन के तहत विश्वविद्यालय के पुराने भवन, जो पुवांरका महाविद्यालय हुआ करता था का नवीनीकरण कराया जाएगा। साथ ही एक स्मार्ट ऑटो लैक्चर रिर्काडिंग सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिसमें प्रोफेसर्स के लैक्चर रिकार्ड कर लाइव प्रसारण किया जा सकेगा। विद्यार्थी लाइव जुड़कर लाभ ले सकेंगे। इसके अलावा सभी कक्षाओं का डिजिटलीकरण कराया जाना भी प्रस्तावित है। विश्वविद्यालय परिसर में 200 कंप्यूटर की लैब स्थापित कराई जाएगी। साथ ही एक सेंट्रल इंस्ट्रमेटेशन फैसिलिटी सेंटर की स्थापना की जाएगी, जिससे विश्वविद्यालय तथा महाविद्यालयों के शोधार्थियों को शोध करने में मदद मिलेगी। पत्रकार वार्ता में कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य, परीक्षा नियंत्रक अरुण कुमार यादव, वित्त नियंत्रक सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी, उप कुलसचिव कमल कृष्ण, प्रो. विनोद कुमार आदि मौजूद रहे। इसके बाद लाइव प्रसारण में अनेक प्रोफेसर और विद्यार्थी मौजूद रहे।