सहारनपुर। मुजफ्फरनगर के डीएवी कॉलेज बीए द्वितीय वर्ष के छात्र द्वारा आत्मदाह करने के मामले में मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय ने भी जांच बिठा दी है। पांच सदस्यीय जांच में सेवानिवृत्त और मौजूदा शिक्षकों को शामिल किया गया है।
कुलपति प्रो. वाई विमला ने बताया कि घटना के बाद ही जांच समिति का गठन कर दिया गया था। समिति में पांच शिक्षक शामिल हैं। इनमें विधि विभाग के डीन, आर्ट के डीन, सहायक कुलसचिव, एक अनुसूचित जाति के प्रोफेसर को शामिल किया गया है। जांच समिति मुजफ्फरनगर जाएगी, जो प्राचार्य, प्रबंध समिति और पुलिस से बात करेगी, साथ ही आत्मदाह करने वाले छात्र के परिजनों और साथ पढ़ने वाले अन्य छात्रों से भी बात की जाएगी, जिससे सच्चाई सामने आ सके। जांच रिपोर्ट में जो भी आएगा। उसी के आधार पर विश्वविद्यालय स्तर से कोई कार्रवाई की जा सकेगी।
बता दें, कि बागपत के गांव भड़ल निवासी बीए द्वितीय वर्ष के छात्र उज्ज्वल राणा ने आठ नवंबर को कॉलेज परिसर में ही पेट्रोल डालकर आत्मदाह कर लिया था, जिसके बाद उसकी इलाज के दौरान मौत भी हो गई। उससे पहले उज्ज्वल ने कई वीडियो साझा किए थे, जिनमें प्राचार्य पर मारपीट सहित कई आरोप लगाए गए थे।
जांच समिति में यह शामिल
-प्रो. एमएम फिरोज, जेवी जैन कॉलेज सहारनपुर के विधि विभाग से सेवानिवृत्त।
-प्रो. ममता सिंघल, डीन ऑफ आर्ट्स, जेवी जैन कॉलेज सहारनपुर।
-प्रो. मनीषा सैनी, डीन ऑफ लॉ, जेवी जैन कॉलेज सहारनपुर।
-प्रो. संजय कुमार, अध्यक्ष, फिजिक्स विभाग जेवी जैन कॉलेज सहारनपुर।
-संजीव कुमार, सहायक कुलसचिव, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर।