हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर सांसद इमरान मसूद का घेराव करने पहुंचे अधिवक्ता,स्रोत संगठन
सहारनपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन ने प्रदर्शन किया। इसके साथ ही सांसद इमरान मसूद का आवास पर घेराव किया। उन्होंने घेराव कर सांसद को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच स्थापना की मांग लंबे अरसे से लंबित है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों की आबादी सात करोड़ से अधिक है। लेकिन इसके बावजूद अभी तक यहां पर होईकोर्ट बेंच नहीं है। यहां के निवासियों को न्याय के लिए पांच सौ से सात सौ किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है।
इस संबंध में कई बार प्रदर्शन और ज्ञापन भी दिए गए हैं, लेकिन अभी तक किसी सरकार ने इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने जल्द से जल्द हाई कोर्ट बेंच स्थापना की मांग की। इस मौके पर अध्यक्ष अभय सैनी, महासचिव अजय कौशिक, वरिष्ठ अधिवक्ता अमरीश पुंडीर उर्फ लाला भाई, राजेंद्र चौहान, स्वराज, मुनव्वर आफताब, नितिन शर्मा, संदीप पुंडीर, अंकित सैनी आदि रहे।