नागल में सड़क हादसे की मृतक कमला का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
नागल। मुजफ्फरनगर हाईवे पर गांव सधारणसिर चौराहे के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से गांव साखन कला निवासी बाइक सवार कमला (80) पत्नी रामस्वरूप की मौत हो गई। वहीं उनका बेटा अमरीश घायल हो गया।
हादसा नागल थाना क्षेत्र में सुबह सात बजे हुआ। अमरीश अपनी माता कमला को लेकर रिश्तेदारी में हुई मौत के बाद छुटमलपुर दुख में शरीक होने के लिए जा रहा था। उसकी बाइक में पीछे से कार ने टक्कर मार दी, जिससे मां बेटे सड़क पर गिर कर घायल हो गए। राहगीर दोनों को सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से चिकित्सकों ने कमला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव अपने साथ गांव ले गए। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गया। अमरीश को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। सीओ देवबंद रविकांत पाराशर ने बताया कि घटना की कोई तहरीर थाने नहीं आई है।