सहारनपुर। झुलसाऊ गर्मी के बीच बिजली के अघोषित कट से लोग परेशान हैं। दिन के साथ ही रात में भी बिजली घंटों गायब रहती है, जिससे लोगों के दिन का चैन और रात की नींद छिन गई है। उधर, तापमान अधिकतम स्तर पर पहुंचने के चलते सोमवार का दिन सीजन का अभी तक का सबसे गर्म दिन रहा।
गर्मी के बढ़ते ही बिजली आपूर्ति गड़बड़ा गई है। रविवार की रात जिलेभर में बिजली कई घंटे तक गायब रही और जब आई तो हर आधा घंटे में आती और जाती रही। इसकी वजह से लोग ठीक से नींद नहीं ले सके। दोपहर में भी बिजली के अघाेषित कटों ने परेशान किया। देहात क्षेत्र में लंबे कट के चलते इनवर्टर जवाब दे रहे हैं। बिजली की यह स्थिति महानगर से लेकर देहात तक बनी हुई है। अधिक खपत के कारण ट्रांसफार्मर जवाब दे रहे हैं, जबकि बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जनपद में करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं।
उधर, तापमान की बात करें तो सोमवार की सुबह से ही मौसम साफ रहा। पूर्वाह्न 11 बजे तक धूप तेज हो चुकी थी। दोपहर दो बजे के बाद सड़कों पर निकलना मुश्किल रहा। गर्मी और धूप से बचाव के लिए लोग सिर और चेहरे को कपड़े से ढककर निकलें। भीषण गर्मी के कारण पंखों में भी आराम नहीं मिल रहा।
न्यूनतम तापमान, जो रविवार को 28 डिग्री सेल्सियस था वह बढ़कर 29 डिग्री पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान भी रविवार के 38.4 डिग्री सेल्सियस की तुलना में बढ़कर 39.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम विभाग ने 14 जून तक मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान में अभी और वृद्धि हो सकती है।