सहारनपुर के नानौता में करंट से एक मिस्त्री और तीतरों में करंट से एक बच्चे की मौत हो गई। दोनों मौतों पर घर में हड़कंप मचा हुआ है।
नानौता में करंट से 60 वर्षीय नल मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने बिना किसी कार्रवाई के ही मृतक को सुपुर्दे खाक कर दिया।
मोहल्ला छत्ता निवासी इकराम अंसारी (60 वर्ष) नल मिस्त्री का काम करता था।
बृहस्पतिवार को इकराम चीनी मिल के पास राजेंद्र पाल के मकान में बोरिंग कर रहा था। बताया जाता है कि वह कुछ दूरी पर बने नल पर पानी पीने के लिए गया था। वहां ई-रिक्शा बिजली चार्जिंग पर लगी हुई थी जिसमें करंट था।
इसी दौरान मिस्त्री इकराम का हाथ ई रिक्शा को छू गया। इकराम को जोरदार करंट लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे आनन-फानन में लोगों द्वारा सीएचसी पर लाया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा इकराम को मृत घोषित कर दिया गया।
मिस्त्री की मौत की सूचना मिलने पर उसके परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर परिजनों द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने के अनुरोध पर शव को उनके सुपुर्द कर दिया।
तीतरों के गांव ककराला निवासी कर्मवीर सिंह का सात वर्षीय बालक मनीश कुमार घर के सामने खड़ी ट्राली पर बच्चे के संग खेल रहा था। ट्राली के ऊपर से बिजली का केबिल एक मकान से दूसरे मकान पर जा रहा था।
नीचे लटके नंगे तार बच्चे ने पकड़ लिया, तार पकड़ते ही बालक की मौके पर मौत हो गयी। इसकी चपेट में आने से वहां मौजूद दूसरे बच्चे बाल बाल बच गये। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।