संवाद न्यूज एजेंसी
बेहट। बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के कोठड़ी चेतराम गांव से लापता प्रीति (19) पुत्री सुरेश का शव बेहट के जैतपुर कलां गांव में शीशम के पेड़ पर लटका मिला। युवती मंगलवार दोपहर से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी थाने में भी दर्ज थी। पुलिस इसे आत्महत्या मानकर चल रही है, वहीं परिजनों की तरफ से देर रात तक कोई तहरीर नहीं दी गई।
दोपहर के समय कुछ ग्रामीण खेतों की तरफ गए थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि आम के बाग के पास शीशम के पेड़ पर एक युवती का शव लटका हुआ है। युवती के गले में दुपट्टे से फंदा लगा हुआ था। पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने शव को नीचे उतारा।
इसके बाद युवती की पहचान कराने का प्रयास किया। जानकारी मिली कि बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के कोठड़ी चेतराम गांव से भी एक युवती लापता है। बिहारीगढ़ थाना पुलिस के माध्यम से युवती के परिजनों को बुलाया गया, जिन्होंने प्रीति के रूप में उसकी पहचान की।