बेहट(सहारनपुर)। उत्तराखंड से यूपी में फर्जी रायल्टी व फर्जी आईएसटीपी (इंटरस्टेट ट्रांजिट पास) पर खनिज का परिवहन किया जा रहा था। बृहस्पतिवार देर रात एसडीएम और सीओ ने बिहारीगढ़ में बुग्गावाला चौक से फर्जी रायल्टी और आईएसटीपी जारी करने वाले सेंटर से दो लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से कंप्यूटर, डीवीवार, बारकोड, स्कैनर, प्रिंटर व मोबाइल बरामद किए हैं। डीएम और एसएसपी ने बिहारीगढ़ थाने पहुंचकर पूरे मामले का संज्ञान लिया है।
बृहस्पतिवार देर रात करीब तीन बजे एसडीएम दीप्ति देव व सीओ रामकरण सिंह ने बिहारीगढ़ पहुंचकर उत्तराखंड से यूपी में प्रवेश कर रहे खनिज से लदे एक वाहन को रोककर उसके चालक से खनिज परिवहन के प्रपत्र चेक किए, तो रायल्टी व आईएसटीपी फर्जी निकले। चालक से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने बिहारीगढ़ में बुग्गावाला चौक पर आईएसटीपी सेंटर के संचालन का खुलासा किया। इसके बाद एसडीएम और सीओ ने बिहारीगढ़ पुलिस के साथ उक्त सेंटर पर छापा मारा।
डीएम अखिलेश सिंह व एसएसपी डॉ. एस चनप्पा भी बिहारीगढ़ थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई का निर्देश दिया। एसडीएम ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
-----
पुलिस की नाक तले होता रहा फर्जीवाड़ा
उत्तराखंड के स्टोन क्रशर मालिकों व भंडारण लाइसेंस धारकों द्वारा फर्जी रायल्टी व फर्जी आईएसटीपी पर उत्तराखंड से खनिज का परिवहन कराकर यूपी सरकार को राजस्व का चूना लगाया जा रहा था। यह फर्जीवाड़ा बिहारीगढ़ पुलिस की नाक तले होता रहा और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। एसडीएम और सीओ ने इस फर्जीवाड़े को पकड़ा, इससे बिहारीगढ़ थाना पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं।