मिलावटखोरी और नकली दवाओं पर लगेगा अंकुश: साहब सिंह सैनी
सहारनपुर। खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं नकली दवाओं के प्रचलन से आमजन के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव की रोकथाम के लिए गठित विधान परिषद समिति के नवनियुक्त सभापति साहब सिंह सैनी ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट बहुत बड़ी समस्या है। इस पर अंकुश लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समिति के सभापति मनोनीत होने के बाद बृहस्पतिवार को पहली बार नगर आगमन पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में विधान परिषदीय समिति के सभापति साहब सिंह सैनी ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी और दवाओं में अधोमानक होने की समस्या तेजी से बढ़ रही है। जिससे आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इस पर रोकथाम करने के लिए पूरे प्रदेश के संबंधित अधिकारियों की बैठक लखनऊ में बुलाई जाएगी। जिसमें संबंधित अधिकारियों को खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी और नकली दवाओं पर अंकुश लगाने के कडे़ निर्देश दिए जाएंगे। इसके बाद प्रदेेश के सभी जनपदों का दौरा कर स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके बाद भी अंकुश नहीं लगाया गया तो संबंधित अधिकारी और जिला स्तर के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता नकली दवाओं की बिक्री और खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी को रोकना है। उन्होंने बताया कि विधान परिषद की इस समिति में नौ सदस्य हैं।
इससे पहले जुलूस की शक्ल में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें रेलवे स्टेशन से उनके गत्ता मिल कॉलोनी स्थित आवास पर लाया गया, फिर वह सर्किट हाउस पहुंचे। इस दौरान पूर्व सपा जिलाध्यक्ष राज सिंह माजरा, चंद्रशेखर यादव, सरफराज खान, शगुफ्ता खान, नीरज चौहान, मयंक सैनी, अजय पुंडीर, देवेश राणा आदि मौजूद रहे।