सहारनपुर। पारा लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 20 से बढ़कर 21 डिग्री सेल्सियस हो गया, जबकि अधिकतम तापमान 39 को पार कर 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
बुधवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा। सात बजे तक मौसम में हल्की ठंडक थी, लेकिन उसके बाद जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया उसके साथ पारा बढ़ता गया। सुबह 10 बजे तक धूप इतनी तेज थी कि ज्यादा देर तक धूप में खड़ा होना मुश्किल हो रहा था। दोपहर 12 बजे के बाद सड़कें गर्म हो गईं। ऐसे में ऊपर से धूप और नीचे सड़कों की तपिश से निकलने वाली गर्मी ने लोगों को झुलसा दिया। दोपहर में हवा गर्म होने से लोग परेशान रहे, जो बचाव के लिए चेहरे को कपड़े से ढक कर निकले। उधर, बृहस्पतिवार को मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन में तापमान में और वृद्धि का अनुमान जताया है। स्वास्थ्य विभाग ने लू के प्रकाेप के चलते नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लू और गर्मी से बचाव के टिप्स दिए हैं।