एसबीआई के फिल्ड आफिसर को ज्ञापन देते भाकियू के किसान
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। लखनौती स्थित एसबीआई शाखा में मैनेजर के नहीं आने से परेशान भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। तहसील अध्यक्ष ने चीफ मैनेजर को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन फील्ड आफिसर को सौंपने के बाद करीब चार घंटे तक चले धरना प्रदर्शन को समाप्त करने की घोषणा की।
भाकियू के नकुड़ तहसील अध्यक्ष चौ देशपाल सिंह के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ता गांव लखनौती स्थित बैंक पहुंचे। जहां उन्होंने फील्ड आफिसर उमेश यादव को अपने बीच बैठाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। चौ देशपाल सिंह ने कहा कि बैंक में पिछले 18 दिनों से मैनेजर के नहीं आने से किसान और उपभोक्ता परेशान हैं। किसान समस्या के समाधान के लिए धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर है। भाकियू कार्यकर्ताओं ने फील्ड आफिसर और एसआई संजय शर्मा को चीफ मैनेजर के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें बैंक मैनेजर की नियुक्ति तुरंत करने, किसान क्रेडिट कार्ड पर बढ़ा ब्याज वापस लेने, बैंक में कैश काउंटर बढ़ाने, जारी किसान क्रेडिट कार्ड धारक किसानों को तुरंत भुगतान कराने की आदि मांगे शामिल हैं।
इसके बाद चौ देशपाल सिंह ने मोबाइल पर चीफ मैनेजर से बातचीत की। चीफ मैनेजर द्वारा जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान कराए जाने के आश्वासन पर करीब चार घंटे तक चला धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। तहसील प्रवक्ता चौधरी अरविंद उमरपुर, कय्यूम चौधरी, संजीव कुमार, जोगिन्द्र, सलीम, सुरेश, सतपाल, सतीश, बृजपाल, अनिल, मैनपाल आदि मौजूद रहे।
गंगोह में एसबीआई लखनौती की शाखा पर धरनारत भाकियू कार्यकर्ता- फोटो : SAHARANPUR