सहारनपुर। कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान में तीन अगस्त का दिन मेगा वैक्सीनेशन-डे के रूप में मनाया जाएगा। जिले भर में कुल 397 बूथ बनाकर टीकाकरण किया जाएगा। एक दिन में 60,000 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि जनपद में टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक चल रहा है। 18 से 44 आयु वर्ग के अधिक से अधिक लोगों को टीका लग सके। इसके लिए जनपद में तीन अगस्त को मेगा वैक्सीनेशन-डे मनाया जाएगा। एसबीडी जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज और सभी सीएचसी सहित तमाम हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों आदि समेत कुल 397 बूथों पर टीकाकरण होगा। टीकाकरण सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। जिसमें 60,000 टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है। लोगों से अपील है कि वह निर्धारित समय पर पहुंचकर तथा कोरोना से बचाव की शर्तों का पालन करते हुए टीका लगवाएं। बूथों पर सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर रखें और मास्क का उपयोग करें।
एक संक्रमित मिला, 11 सक्रिय मरीज
सहारनपुर। जनपद में सोमवार को एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला। जिसके साथ ही जनपद में अभी तक मिले कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 33149 पर पहुंच गई है। जनपद में अब कोरोना के 11 सक्रिय मरीज हैं।