सहारनपुर। कोरोना मरीजों के इलाज में जुटे चिकित्साकर्मियों को 25 फीसदी अतिरिक्त प्रोत्साहन धनराशि का भुगतान करने के आदेश को लेकर हंगामा शुरू हो गया है। जिला महिला अस्पताल के कर्मचारियों ने आदेश को गलत बताते हुए प्रतियां और पुतला फूंककर अपना विरोध जताया।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर मंगलवार को जिला महिला अस्पताल में अनेक संगठनों के पदाधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी इकट्ठा हुए। उन्होंने पुतला और शासनादेश की प्रतियां जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार डोभाल ने कहा कि सभी स्वास्थ्यकर्मी अपनी जान की बाजी लगाकर निरंतर ड्यूटी कर रहे हैं। छुट्टी तक नहीं ले रहे हैं। ऐसे में सरकार द्वारा केवल संक्रमितों के इलाज में जुटे स्वास्थ्यकर्मियों को ही 25 फीसदी अतिरिक्त प्रोत्साहन धनराशि का भुगतान करने के आदेश देना बेमानी है। इससे उन स्वास्थ्यकर्मियों को ठेस पहुंची है, जो पूरी लगन के साथ कोविड काल में अपनी ड्यूटी को अंजाम दे रहे हैं। सुनयना आलम ने कहा कि 25 फीसदी अतिरिक्त प्रोत्साहन धनराशि एक-एक स्वास्थ्यकर्मी का अधिकार है। यह प्रोत्साहन धनराशि सभी स्वास्थ्यकर्मियों को मिलनी चाहिए। विरोध करने वालों में जीएस भंडारी, अनुज चौधरी, दीपक धीमान, एसएस असवाल, सूरजभान, मंजू श्रीवास्तव, बृजपाल, कुलदीप, सोनवीर, संध्या, सरोज, रूही, रूबी, शिवानी, श्रुति, जरीना, सुशीला, शिल्पी, मनोज, वेद, किरण आदि शामिल रहीं।