धरना स्थल पर अपनी मांगो को लेकर धरना देते ग्लोकल मेडिकल कॉलेज एमबीबीएस के छात्र
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। ग्लोकल मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्रों ने हकीकत नगर स्थित श्री रामलीला मैदान पर सोमवार से बेमियादी धरना शुरू कर दिया है। छात्र करीब छह माह से कॉलेज ट्रांसफर करने की मांग हर स्तर पर कर रहे हैं। मांग नहीं माने जाने पर आमरण अनशन करने की चेतावनी दी है।
धरने पर बैठी नेहा, इकरा, वर्तिका, मोहित और अर्पित ने बताया कि वह सभी ग्लोकल मेडिकल कॉलेज के छात्र हैं। नीट जैसी परीक्षा पास कर सरकार ने काउंसिलिंग के जरिए उन्हें ग्लोकल मेडिकल कॉलेज आवंटित किया था। पहले वर्ष सब ठीक चला, मगर दूसरे वर्ष सभी व्यवस्थाएं ध्वस्त होती चली गई। फैकल्टी, प्रेक्टिकल और अन्य सुविधाएं नहीं होने की वजह से उनका भविष्य अधर में है। एमसीआई (मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया) ने भी नए दाखिलों पर रोक लगा दी है। छात्रों ने बताया कि वह छह माह से कॉलेज ट्रांसफर करने की मांग कर रहे हैं। जिला और मंडलीय अधिकारियों के सामने बात रखने के साथ ही तमाम मंत्रियों को भी अपनी पीड़ा से अवगत करा चुके हैं। मगर अभी तक कॉलेज ट्रांसफर नहीं किया जा रहा है। इससे उनका भविष्य अधर में है। उनके साथ ही परिजन भी टेंशन में हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग नहीं मानी जाती है तो वह बेमियादी धरने को भूख हड़ताल और आमरण अनशन में भी बदल सकते हैं। उनका कहना है कि या तो उन्हें न्याय मिलेगा या फिर धरना स्थल पर उनके मृत शरीर उठेंगे। धरने में उवैस, शहजाद, संध्या, मनुश्री, पंखुरी, उमर, जिशान, तारिब, सत्योम, फिरोज, शाहरूख और उनके अभिभावक भी मौजूद रहे।