रेलवे स्टेशन पर मेडिकल स्टोर पर जांच को पहुंची ड्रग विभाग की टीम।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। डीएम आलोक कुमार पांडेय के निर्देश पर ड्रग विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित मेडिकल स्टोरों पर छापे मारे। टीम को नशीली दवाएं मिलीं, जिन्हें जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।
रेलवे स्टेशन के आसपास दस वर्ष से 70 वर्ष तक की आयु के लोग नशे की हालत में देखे जा सकते हैं, जो मेडिकल स्टोरों से दवाएं खरीदकर उनको खाते हैं। शुक्रवार को ड्रग इंस्पेक्टर सहारनपुर संदीप चौधरी और ड्रग इंस्पेक्टर मुजफ्फरनगर वैभव बब्बर ने टीम को साथ लेकर रेलवे स्टेशन के आसपास के मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। तीन मेडिकल स्टोरों से ऐसे सीरप मिले, जिसमें नशा होता है, जिसे जब्त कर लिया गया। दो स्टोरों से नशे की दवाएं मिलीं। इस दवा को भी जब्त कर लिया गया। संदीप चौधरी ने बताया कि संबंधित मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।