सहारनपुर। पिलखनी स्थित राजकीय मेडिकल में बाहरी युवकों द्वारा फायरिंग करने से छात्रों में दहशत है। आरोप है कि बाहरी युवक मेडिकल कॉलेज के छात्रों को धमकाते भी हैं। छात्रों ने मामले में एसपी सिटी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एसपी सिटी से शिकायत करने वाले छात्रों का कहना है कि वह अपने नाम सार्वजनिक करेंगे तो आरोपी उन्हें से जान से भी मार सकते हैं। छात्रों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में रविवार को एक बुलेट बाइक पर तीन युवक आए। कुछ छात्र हॉस्टल के बाहर घूम रहे थे, जिन्हें आरोपियों ने धमकाया। डर की वजह से छात्र हॉस्टल की तरफ भागने लगे तो आरोपियों ने उनका पीछा भी किया और तमंचे से हवाई फायरिंग की। इसके बाद आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। छात्रों का कहना है कि आरोपियों की वजह से वह दहशत में है। उन्होंने एसपी सिटी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।