गंगोह। नानौता से अपने गांव लौट रहे बाइक सवार दंपती को रोक कर छह युवकों ने विवाहिता के साथ अश्लील हरकतें की और उसे अगवा करने की कोशिश की। पीड़ित पति ने कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मामला रविवार की शाम का है। क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि रविवार को शाम के समय वह अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर ननौता से अपने गांव लौट रहा था। जैसी हम लोग गंगोह से आगे निकले तो तीन बाइकों पर सवार छह युवकों ने उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इतना ही नहीं मोहड़ा गेट के पास आरोपियों ने ओवर टेक कर उन्हें रोक लिया और उसकी पत्नी को खींच कर ले जाने लगे। विरोध करने पर अभद्रता कर मारपीट कर दी। शोर मचाने पर आसपास के लोगों के आने पर आरोपी मौके से भाग गए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि मामला बाइक की साइड लगने का है, लेकिन फिर भी वह जांच करा रहे हैं।