सहारनपुर के देवबंद में मोहल्ला मुलतानियान में संदिग्ध हालातों में विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के भाई ने तीन लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर पति सहित तीन लोगों पर पीट-पीटकर बहन की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला मुलतानियान (कायस्थवाड़ा) निवासी तनवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब छह वर्ष पूर्व बहन गुलशाना (28) की शादी पड़ोस में रहने वाले अनीस के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही गुलशाना का पति, जेठ और चाचा दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करने लगे।
तनवीर के मुताबिक, पिछले काफी समय से उक्त लोग उस पर मायके से तीन लाख रुपये लेकर आने का दबाव बना रहे थे। तनवीर का आरोप है कि इसी मांग के चलते बुधवार की दोपहर गुलशाना के साथ जमकर मारपीट की गई। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। वह किसी तरह समीप में रहने वाली बहन के पास पहुंची। जहां से उसे फोन पर मारपीट की जानकारी मिली। वह बहन के घर पहुंचा और गुलशाना को चिकित्सक को दिखाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें: जीवा की क्राइम कुंडली: 1997 में मंत्री ब्रह्मदत्त का मर्डर, फिर अंसारी का बना राइट हैंड, बनना चाहता था डॉन
सूचना मिलने पर एसपी देहात सागर जैन सहित सीओ रामकरण और इंस्पेक्टर एचएन सिंह मौके पर पहुंचे और पूछताछ करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ रामकरण ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। आरोपी फरार हैं, गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Murder in Meerut: सिर में गोली लगते ही जमीन पर गिरी महिला अधिवक्ता, हत्या से दहला इलाका, सामने आई ये वजह