संवाद न्यूज एजेंसी
नकुड़। गांव भैरमऊ निवासी महिला ने अपने ससुराल वालों पर तमंचे के बल पर भ्रूण जांच कराने व जांच के बाद गर्भपात न कराने पर उसे व उसके परिजनों से मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने 16 नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शामली जनपद के गांव भोगीमाजरा निवासी सुमन ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि फरवरी 2023 में उसकी शादी गांव भैरमऊ निवासी लोकेश के साथ हुई थी। शादी में उसके परिवार वालों ने हैसियत से बढ़कर दान दहेज दिया था। आरोप है कि बावजूद इसके ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने के ताने मारकर उसे प्रताड़ित करने लगे, लेकिन वह सहन करती रही।
शादी के डेढ़ वर्ष बाद उसने एक बेटी को जन्म दिया। आरोप है कि इसके बाद तो ससुराल पक्ष के लोग और भी ज्यादा ताने मारने लगे। इसके बाद वह दोबारा गर्भवती हुई तो ससुराल वाले भ्रूण जांच का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि उसके बार-बार मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई और तमंचे से आतंकित कर जबरन उसको एक गांव में ले जाकर भ्रूण जांच कराई गई। पीड़िता ने बताया कि वह चार माह की गर्भवती है, लेकिन भ्रूण जांच के बाद ससुराल वाले उस पर जबरन गर्भपात का दबाव बनाने लगे और मना करने पर मारपीट करने लगे।
पीड़िता ने बताया कि इसकी सूचना उसने अपने परिजनों को दी, जिसके बाद उसके पिता, फूफा, भाई आदि गांव पहुंचे और ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष के लोगों मिलकर उसके परिजनों व रिश्तेदारों के साथ लाठी-डंडों, राॅड व धारदार हथियारों से हमला बोल गंभीर घायल कर दिया। उनकी गाड़ी भी तोड़ दी। इसमें उसके पिता को सिर में गंभीर चोट के साथ ही एक उंगली भी कट गई तथा फूफा व भाई के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति लोकेश, ससुर सकटू, जनेश्वरी, रिषिपाल, रीना, राहुल, हरपाल व आर्यन सहित 16 नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।