सहारनपुर। यूपी बोर्ड के 2021 के परीक्षा फल में अंक सुधार के लिए परीक्षाएं 18 सितंबर से शुरू हो रहीं हैं, जो छह अक्तूबर तक चलेंगी। परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। सबसे खास बात यह है कि सभी परीक्षा केंद्रों के सभी कक्ष सीसीटीवी की नजर में रहेंगे। स्थानीय स्तर पर शिक्षा विभाग और लखनऊ में बैठे उच्चाधिकारी अपने लैपटॉप पर किसी भी कक्ष का लाइव देख सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त ने बताया कि परीक्षाएं दो पाली में होंगी। पहली पाली सुबह आठ से 10:15 बजे तथा दूसरी पाली दोपहर दो से 4:15 बजे तक चलेगी। यानी दो घंटे का पेपर होगा। परीक्षा के लिए कुल 13 केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर कुल 3232 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। सभी केंद्रों पर प्रधानाचार्य केंद्र व्यवस्थापक बनाए गए हैं। इसके अलावा जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी बनाए गए हैं। जोनल में एसडीएम की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तहसीलदार रहेंगे। रविदत्त ने बताया परीक्षा केंद्र के भीतर कोई भी परीक्षार्थी या कक्ष निरीक्षक मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर नहीं जा सकेगा। केवल केंद्र व्यवस्थापक को मोबाइल लेकर जाने की अनुमति होगी। कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। बिना मास्क के परीक्षार्थी से लेकर केंद्र व्यवस्थापक तक प्रवेश नहीं कर सकेंगे। सीटिंग प्लान ऐसा रहेगा, जिससे सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन न हो। केंद्रों में प्रवेश के दौरान हाथों को सैनिटाइज करने के साथ ही थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। दो सचल दस्ते बनाए गए हैं, जिनमें एक के प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक खुद और दूसरे के प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय बनाए गए हैं।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
एएचपी इंटर कॉलेज छुटमलपुर, जनता इंटर कॉलेज बेहट, गोचर कृषि इंटर कॉलेज रामपुर मनिहारान, किसान सेवक इंटर कॉलेज नानौता, एसआर इंटर कॉलेज गागलहेड़ी, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सहारनपुर, राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट सहारनपुर, गोवर्धन दास त्यागी राजकीय इंटर कॉलेज गुमटी, राजकीय इंटर कॉलेज देवबंद, डीसी जैन इंटर कॉलेज सरसावा, एचआर इंटर कॉलेज गंगोह और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज नकुड़ को केंद्र बनाया गया है।