देवबंद के बाजार खरीदारी करने को उमड़े लोग
- फोटो : DEVBAND
देवबंद/गंगोह/छुटमलपुर (सहारनपुर)। प्रशासन के आदेश के बाद शुक्रवार को देवबंद के बाजार पूरी तरह खुले। बृहस्पतिवार को देवबंद विधायक कुंवर ब्रिजेश सिंह ने डीएम अखिलेश सिंह से भेंट कर प्रशासन से संपूर्ण बाजार खोलने की अनुमति प्रदान करा दी थी। एसडीएम देवेंद्र पांडेय का कहना है कि डीएम के आदेश पर परीक्षण के तौर पर दो दिन के लिए संपूर्ण बाजार खोलने की अनुमति दी गई है।
शनिवार से गंगोह के सभी बाजार सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क आदि की पाबंदियों के साथ सुबह नौ से सायं सात बजे तक खुलेंगे।
छुटमलपुर में एसओ मनोज चौधरी ने आठ जून से बाजार खुलवाने की बात कही है। एसडीएम बेहट दीप्ति देव से वार्ता करने के बाद एसओ ने बताया कि आठ जून से नगर के बाजार पूरी तरह खोले जाएंगे।
मोहल्ला खानकाह हॉटस्पॉट व कंटेनमेंट जोन से मुक्त: एसडीएम
देवबंद। शुक्रवार को जारी आदेश में एसडीएम देवेंद्र पांडेय ने बताया कि नगर क्षेत्र देवबंद में काफी समय से कोरोना का कोई केस प्रकाश में नहीं आया। जिसके चलते नगर के मोहल्ला खानकाह को हॉटस्पॉट व कनटेंनमेंट जोन तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाता है।
ग्रामीणों के मास्क न लगाने पर एसडीएम ने जताई नाराजगी
गंगोह। एसडीएम नकुड़ पूरण सिंह राणा ने खादर इलाके के गांव बेगीनाजर व बेगी बांसदेवा में क्वारंटीन किए गए लोगों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने गांवों में अधिकांश ग्रामीणों द्वारा मास्क न लगाने पर नाराजगी जताते हुए ग्राम प्रधान को ग्रामीणों को मास्क लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।