सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि जिन विभागों ने अपने कार्यों की प्रगति की फीडिंग समय से और सही नहीं की है उनके विरुद्ध शासन स्तर पर कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। पोर्टल पर समय से और सही फीडिंग नहीं करने वालों की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जनपद की रैकिंग के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेंशन का लाभ पा रहे अपात्र लोगों को चिन्हित कर सत्यापन रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें। यह भी पता करें कि उनको पेंशन दिलाने में कौन-कौन कर्मचारी शामिल है।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी अंत्योदय कार्डधारकों का गोल्डन कार्ड बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं वाले निर्माण कार्यों में अकारण विलंब करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत भवनों के निर्माण जल्द पूरा कराया जाए। आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत सभी प्राथमिक विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने खादी ग्रामोद्योग अधिकारी को कडे़ निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के दौरान लक्ष्य के सापेक्ष अपेक्षित गति लाएं। उन्होंने कहा कि वन टॉगिया एवं वन गुर्जरों के बच्चों को नजदीकी विद्यालयों में प्रवेश दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर किसी भी विभाग से संबंधित शिकायत लंबित न रहे। सड़कों के निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए और गड्ढा मुक्ति के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, परियोजना निदेशक देवेंद्र प्रताप, उपायुक्त स्वत रोजगार अरूण कुमार उपाध्याय, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अमित कुमार आदि रहे।