सहारनपुर। कोहरे में बेहाल रेल यात्रियों की फिर चार घंटे के ब्लाक से रेलगाड़ियों के आंशिक रद्दीकरण और रेलगाड़ियों को रोककर चलाने को लेकर मुश्किल बढ़ गई है। अंबाला मंडल अंतर्गत अंबाला-लुधियान सेक्शन में 29 दिसंबर को चार घंटे का ब्लाक रहेगा। जिसकी वजह से कई रेलगाड़ियों के संचालन पर असर पड़ने वाला है।
अंबाला डिवीजन के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने बताया कि ट्रेन नंबर 64511 सहारनपुर-ऊना-हिमाचल पैसेंजर रेलगाड़ी ऊना-सरहिंद के बीच कैंसल रहेगी। इसके अलावा 64517 अंबाला-नागलडैम पैसेंजर रेलगाड़ी को परिवर्तित मार्ग अंबाला-चंड़ीगढ़-मोरिंडा के रास्ते चलाया जाएगा। ट्रेन नंबर 54551 अंबाला-भटिंडा पैसेंजर को करीब पौने दो घंटे रोककर दोपहर 2.25 बजे अंबाला से चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 12357 कोलकत्ता-अमृतसर एक्सप्रेस को सहारनपुर-अंबाला के बीच करीब एक घंटा पचास मिनट रोककर चलाया जाएगा। 64516 नंबर की ट्रेन नागलडैम-अंबाला कैंट पैसेंजर रेलगाड़ी को पचास मिनट तक आनंदपुर साहिब-भरतगढ़ के बीच रोका जाएगा। सीनियर डीसीएम हरिमोहन ने बताया कि ब्लाक के काम बेहद जरूरी हैं। जिसकी वजह से चार घंटे का ब्लाक इस डिवीजन में लिया गया है।