फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कप्तान की परीक्षा में फेल हो गए कई थानेदार

Wed, 03 Aug 2016 01:48 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
पुलिस लाइन के सामने रोकी गई गाड़ी। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
बुलंदशहर हाईवे पर हुई वारदात के बाद भले ही अफसर सड़कों पर गश्त को लेकर दावे कर रहे हों, मगर हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। पुलिस की चुस्ती और गश्त की सच्चाई जानने के लिए अमर उजाला ने एसएसपी सहारनपुर के साथ मिलकर एक मॉक ड्रिल किया।
विज्ञापन


इसमें एसएसपी प्रदीप कुमार यादव ने एक गाड़ी के नंबर को कलर सहित वायरलेस पर फ्लैश किया और सभी थानेदारों को सड़क पर उतरकर गाड़ी पकड़ने के निर्देश दिए।

 अमर उजाला के इस रियलिटी चेक में एसएसपी के पीआरओ नरेंद्र शर्मा के साथ दो घंटे तक शहर की सड़कों पर यह गाड़ी घूमती रही। शहर में केवल राकेश केमिकल पर तैनात सिपाही और कोर्ट रोड पर चीता पुलिस ने गाड़ी रोकी।

एसएसपी ने सजगता दिखाने वाले सिपाहियों को बधाई दी और ईनाम की घोषणा की। शाम करीब सात बजे एसएसपी प्रदीप यादव ने वायरलेस पर सूचना दी कि गाड़ी नंबर यूपी-11एएच 6586 सफेद रंग की मारुति कार दिल्ली रोड पर निकली है। इसमें संदिग्ध लोग है और सभी थानेदार चेकिंग में जुटे। 
विज्ञापन


एसएसपी के कैंप कार्यालय से गाड़ी निकली तो पहले इसे राकेश केमिकल चौकी के बाहर खड़े रंगरूट नितिन और नकुल ने रोका। मगर इसके बाद दो घंटे तक सड़कों पर गाड़ी घूमती रही और पुलिस लापरवाह बनी रही।

पसरा रहा सन्नाटा
एसएसपी के कैंप कार्यालय से गाड़ी निकलकर देहरादून रोड होते हुए गागलहेड़ी थाने के बाहर पहुंची। वहां सन्नाटा पसरा हुआ था। इसके बाद गागलहेड़ी चौक पर भी कोई पुलिसकर्मी तक मौजूद नहीं था। जबकि यह उत्तराखंड और हरियाणा को जोड़ने वाला प्रमुख हाईवे है।

वहीं, देहरादून रोड से यह गाड़ी बेहट रोड पर नुमाइश कैंप चौकी से होते हुए आगे बढ़ी। नुमाइश कैंप पर नाकेबंदी तो सड़कों पर दिखी, मगर पुलिसकर्मी नहीं थे। इसके बाद देहात कोतवाली पर भी पूरी तरह से अंधेरा छाए हुए था। 

कोर्ट रोड पर चीता था सजग
पुरानी चुंगी से होते हुए गाड़ी नवाबगंज चौक और अंबेडकर चौक से आगे बढ़ी। इस बीच एसएसपी ने दोबारा गाड़ी को पकड़ने के निर्देश दिए। मगर, सदर बाजार थाने के आगे सन्नाटा ही था। कोर्ट रोड पर चीता पर सवार कांस्टेबल सोहनपाल शर्मा और आदेश शर्मा ने कार को ट्रेस कर उसका पीछा शुरू किया।

इस बीच वायरलेस पर गाड़ी ट्रेस होने से हड़कंप गया। सीओ अमित नागर मय फोर्स पुलिस लाइन के पास पहुंचकर गाड़ी की घेराबंदी की। एसएसपी को सूचना दी गई तो वहां निर्देश हुआ कि गाड़ी रोकिये, मैं आता हूं। चंद मिनट में एसएसपी पहुंचे और गाड़ी ट्रेस करने वाले दोनों सिपाहियों को बधाई देकर ईनाम की घोषणा की।

एसएसपी ने लगाई जमकर क्लास
गाड़ी ट्रेस होने के बाद मौके पर पहुंचे एसएसपी प्रदीप यादव ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की और फिर वायरलेस पर जमकर क्लास लगाई। दो घंटे तक गाड़ी के शहर में घूमने पर पुलिस की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने लापरवाह पुलिसकर्मियों को तलब किया है।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें