अन्य संस्करणों के लिए भी
एक बैंक मैनेजर समेत नौ आरोपियों को पकड़ चुकी पुलिस टीमें
ऋण पर ली गई लग्जरी कारों को फर्जीवाड़ा करके बेचने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। ऋण पर ली गई लग्जरी कारों को फर्जीवाड़ा कर बेचने के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। इस पूरे फर्जीवाड़े को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। पुलिस की जांच में कई अन्य बैंक कर्मचारी भी रडार पर आ गए हैं, जिनकी गिरफ्तारी हो सकती है। इस मामले में पुलिस पीएनबी के बैंक मैनेजर सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनके पास से 14 लग्जरी कारें भी बरामद हुईं।
नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी ने शनिवार को एक ऐसे गिरोह को पकड़ा था, जो बैंक से ऋण पर लग्जरी कार लेते थे और फिर बैंक मैनेजर से मिलकर डीडी किसी और के नाम बनवा लेते थे। इसके साथ ही बैंक कर्मचारियों, अधिकारियों और कार कंपनियों के कर्मचारियों की मदद से डीडी या बिल पर हायर पर्चेच नहीं लिखवाते हैं। इसके बाद कार को बेच दिया जाता था। कुछ समय तक आरोपी किश्त भी जमा करते थे। इसके बाद गायब हो जाते थे। कार खरीदने वाले व्यक्ति को कुछ महीने बाद में पता लगता था कि उसकी गाड़ी ऋण पर खरीदी गई है। एक पीड़ित ने नगर कोतवाली रिपोर्ट दर्ज कराई तो पुलिस ने जांच के बाद गिरोह को दबोचा। आरोपी दिल्ली, हरियाणा, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। इनमें दिल्ली रोड स्थित पीएनबी की शाखा का मैनेजर भी शामिल है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मामले में कई अन्य नाम भी सामने आए हैं। दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है। जांच में पता चला कि इस गिरोह में कई लोग शामिल हैं। जिनमें कई बैंक कर्मचारी भी हैं, जो अब पुलिस के रडार पर आए हैं। इन आरोपियों की गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है। इसको लेकर पुलिस की तीन टीमें काम कर रही हैं। जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी लंबे समय से सुनियोजित तरीके से फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहे थे।
दबोचे गए थे ये आरोपी
बादल निवासी दुर्गापुरीपुरी कॉलोनी, सिद्धार्थ निवासी प्रेमविहार कोतवाली सदर बाजार, बिन्नी निवासी न्यू पटेलनगर, बैंक मैनेजर राजीव माहेश्वरी निवासी माधवनगर नगर कोतवाली सहारनपुर, मनीष निवासी वेस्ट सागरपुर थाना सागरपुर साउथ वेस्ट नई दिल्ली, सोनू उर्फ सुनील निवासी ज्वालानगर गली नंबर तीन नगर कोतवाली, आशीष कुमार निवासी गांव शेखपुरा, थाना खतौली मुजफ्फरनगर, रोहित पुत्र अशोक कुमार निवासी कैलाशपुरी एक्सटेंशन पालम कॉलोनी नई दिल्ली, पंकज गुजराल निवासी भूतेश्वर कॉलोनी कोतवाली मंडी सहारनपुर को पकड़ा था। वहीं, राजीव पाठक निवासी फरीदाबाद, मयंक निवासी मुक्ति वाड़ा रेवाड़ी हरियाणा फरार हो गए थे।
वर्जन:-
बैंक मैनेजर सहित नौ आरोपियों को पुलिस पकड़ चुकी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को टीमें दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही जांच में कई नाम सामने आए हैं, जिन पर कार्रवाई होगी।-आकाश तोमर, एसएसपी