सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे पर वाहन चालकों से पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : DEVBAND
संपूर्ण लॉकडाउन में खुली मिलीं कई फैक्टरियां, दो गिरफ्तार
देवबंद (सहारनपुर)। प्रशासन के छापे में संपूर्ण लॉकडाउन घोषित करने के बाद भी रविवार को औद्योगिक एरिया एरिया में कई औद्योगिक संस्थान खुले मिले। एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडेय ने तत्काल सभी फैक्टरी बंद कराई और कार्रवाई को लेकर रिपोर्ट तैयार कर डीएम को भेजी है। वहीं, देवी कुंड मार्ग पर भी छापा मारा। यहां गाड़ियों की बॉडी रिपयेंरिंग का कार्य करने वाले पिता पुत्र को गिरफ्तार किया। एक व्यक्ति मौका पाकर भाग गया।
कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए प्रत्येक रविवार को जनपद में संपूर्ण लॉकडाउन घोषित किया। इसमें दूध और मेडिकल इमरजेंसी को छोड़कर सभी प्रकार के व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रखने के आदेश दिए हैं। इसके बाद भी औद्योगिक एरिया में कई औद्योगिक इकाइयां चालू मिलीं। एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि निरीक्षण दौरान केके इंडस्ट्रीज, जेके इंडस्ट्रीज, बालाजी आयरन इंडस्ट्रीज और मंगला स्टील इंडस्ट्रीज चालू मिली। सभी जगह करीब 15 लोग कार्य करते मिले। उन्होंने बताया कि सभी उद्योगों को तत्काल बंद कराया। साथ ही लॉकडाउन का उल्लंघन करने से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर डीएम को कार्रवाई की संस्तुति के लिए भेजी। इसके साथ ही एसडीएम ने बताया कि देवी कुंड मार्ग पर रहमान बॉडी मेकर के यहां छापा मारा वहां कई लोग कार्य करते मिले। मौके से वसीम और उसके बेटे अमन को गिरफ्तार किया। जबकि इंतजार नामक युवक भाग गया। सभी लोगों के विरुद्ध लॉकडाउन का उल्लंघन करने तथा आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेजा।
कई के काटे चालान तो कई को घंटों बिठाया
देवबंद। एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि लोकनिर्माण अतिथिगृह के सामने मुजफ्फरनगर चुंगी पर करीब दो घंटे चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना वजह सड़क पर घूम रहे कई लोगों के वाहनों के चालान काटे गए। जबकि काफी लोगों को हिदायत देकर छोड़ दिया। कुछ लोग ऐसे भी मिले जो शादी करने के लिए जा रहे थे। उन्हें नियमों का कड़ाई से पालन करने की नसीहत देकर आगे जाने दिया।
देवीकुंड मार्ग पर रहमान बॉडी मेकर के यहां छापामारी करते एसडीएम देवेंद्र पांडेय- फोटो : DEVBAND
इंडिस्ट्रयल एरिया में छापामारी करते एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडेय- फोटो : DEVBAND