सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में सोमवार की सुबह दिल्ली रोड हाईवे पर तेज गति से आ रहे बेकाबू ट्रक ने एक युवक को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने खासी मशक्कत के बाद समझाबुझाकर जाम खुलवाया। बाद में परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने साथ ले गए।
रामपुर मनिहारान के मोहल्ला पीपलतला निवासी 22 वर्षीय इस्तकार पुत्र नाजिर सुबह करीब नौ बजे दिल्ली रोड हाईवे पर मामू-भांजा के पास सड़क किनारे खड़ा था। तभी तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में युवक की दोनों टांगों के ऊपर से ट्रक गुजर गया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर जमा लोगों ने उसे जिला चिकित्सालय भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर करीब आधा घंटा बाद जाम खुलवाया।
उधर, युवक की रास्ते में मौत के बाद परिजन शव को वहीं से वापस ले आए। इसके बाद बिना पीएम के ही परिजन शव को घर ले गए। युवक की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा है।
मृतक युवक के माता पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसके भाई मेहरबान ने ट्रक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। एसओ ने बताया कि पुलिस ने मौके से चालक को दबोचकर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।