शहर की टूटी सड़कों और नो एंट्री जोन में भारी वाहनों के घुसने से लगातार हादसे हो रहे हैं। बृहस्पतिवार की शाम कोर्ट रोड पर ट्रेन के पहियों से लदे ट्रक ने साइकिल सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। कोतवली पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया।
दिल्ली रोड के गांव हसनपुर निवासी राहत कुमार बृहस्पतिवार की शाम साइकिल से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह कोर्ट रोड स्थित एक डेयरी के सामने पहुंचा, तो वह ट्रेन के पहियों से लदे ट्रक की चपेट में आ गया, जिसमें वह बुरी तरह से कुचला गया।
गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, जो रोते-बिलखते जिला अस्पताल पहुंचे। उधर, स्थानीय लोगों की मदद से थाना सदर बाजार कोतवाली पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया।
देर शाम तक मामले में तहरीर नहीं दी गई थी। हादसे की वजह सड़कों का टूटे होना भी माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि शहर की तमाम सड़कें टूटकर ध्वस्त हो चुकी हैं, जिनपर चलना खतरे से खाली नहीं रह गया है।