सरसावा थाने में आयोजित बैठक को संबोधित करते अवतार सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा (सहारनपुर)। थाना सरसावा के प्रांगण में आयोजित एसपीओ, नागरिक सुरक्षा कोर और सभासदों की बैठक में एसडीएम और सीओ ने नागरिकता कानून के विषय में जानकारी देते हुए अन्य लोगों को भी जागरूक करने को कहा।
रविवार की शाम थाना सरसावा के परिसर में एसडीएम तथा सीओ नकुड़ ने नये नागरिकता कानून को लेकर बैठक की। इसमें एसडीएम नकुड़ पीएस राणा ने बताया कि ये कानून भारत में रहे उन प्रवासियों को नागरिकता प्रदान करता है जो भारत के तीन पड़ोसी देशों पाकिस्तान, अफगानिस्तान तथा बांग्लादेश में धार्मिक रूप से अल्पसंख्यक हैं और किन्ही कारणों अथवा प्रताड़ना से त्रस्त होकर भारत में शरण लेने को मजबूर हुए है। सीओ नकुड़ यतेंद्र नागर ने कहा कि कुछ तत्व ऐसा दुष्प्रचार कर रही है कि इससे भारतीय मुस्लिमों की नागरिकता पर फर्क पड़ेगा, जबकि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। इस कानून से भारत में निवास कर रहे किसी भी वर्ग, धर्म, जाति जनजाति या समूह की नागरिकता पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। एसडीएम और सीओ ने कहा नागरिक संशोधन कानून भारत में रह रहे तीनो देशों के मूल निवासी अल्पसंख्यकों को नागरिकता प्रदान करता है किसी की नागरिकता छीनता नहीं है।
बैठक में एसडीएम और सीओ ने कहा कि यदि कोई माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो पुलिस प्रशासन सख्त कार्रवाई करने से नहीं हिचकेगा। उन्होंने शांति को पलीता लगाने वालों को सख्त नजर रखने के निर्देश देते हुए तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा। नगर पालिका अध्यक्ष बिजेंद्र मोगा ने सभी को सहयोग करने की अपील की।
बैठक के पश्चात दोनों अधिकारियों ने नागरिकता कानून संबंधी पर्चे बांटे और अपील की कि मुस्लिम साथियों से संवाद कर नागरिकता कानून को लेकर उनका भ्रम दूर करने का काम करें। इसमें नागरिक सुरक्षा कोर के वरिष्ठ वार्डन अवतार सिंह, देशबंधु शर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी नरेश चंद जैन, वक्फ कमेटी के सदर राव सईद, जमीयत उलेमा ए हिंद के सरसावा ब्लॉक महासचिव मौलवी उस्मान, सभासद संजय शर्मा, संजीव अग्रवाल, अनुराग जैन आदि रहे।