सहारनपुर। बसपा नेता और सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने स्वच्छ भारत मिशन की सराहना करते हुए लोगों से स्वच्छता को आदत में लाने की अपील की। उन्होंने नगरवासियों को नगर निगम के सफाई अभियान से जुड़ने की अपील की।
सांसद फजलुर्रहमान और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर बुधवार को नगर निगम और एक एनजीओ की ओर से कोरोना योद्धाओं के सम्मान में लिंक रोड पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर सांसद ने कहा ज्यादातर बीमारियों के कारण गंदगी है। ऐसे में हम स्वच्छता अपनाकर गंभीर बीमारियों की चपेट में आने से बच सकते हैं। उन्होंने कहा महिलाएं समाज निर्माण की आधी भागीदार हैं। उनके बिना घर, समाज और देश के निर्माण की कल्पना नहीं की जा सकती है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके त्रिपाठी ने कहा कि इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में सहारनपुर ने देश में 49 वां स्थान हासिल किया था। इस बार नगर निगम ने टॉप टेन में आने का लक्ष्य रखा है। बिना जन सहयोग के लक्ष्य पाना संभव नहीं है। इस मौके पर कोरोना काल में कार्य करने वाले कर्मचारियों को कोरोना योद्धा का प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इसमें लिपिक सत्पथी, मोहम्मद अर्श, सुनयना आलम, अर्चित अग्रवाल, पुष्पा गंगवाल, धर्मपाल, तबरेज, शिवानी आदि रहीं।