- जिला गन्ना अधिकारी व जिलाधिकारी से मिलकर किसानों के प्रतिनिधि मंडल ने कराया अवगत
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
साढ़ौली कदीम। बकाया भुगतान की मांग को लेकर शाकंभरी शुगर मिल टोडरपुर गेट पर धरना दे रहे किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को जिलाधिकारी व जिला गन्ना अधिकारी से मिला। किसानों ने शनिवार को होने वाली महापंचायत से अवगत कराया और कहा कि महापंचायत में आमरण अनशन शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल बेहट गन्ना विकास समिति के पूर्व चेयरमैन ताहिर प्रधान, हाजी मुकर्रम, पदम प्रकाश शर्मा व सतीश शर्मा ने बताया कि जिला गन्ना अधिकारी ने उन्हें 27 अक्तूबर तक बकाया भुगतान जारी कराने का आश्वासन दिया है। फिलहाल आमरण अनशन टालने का अनुरोध किया है, जबकि जिलाधिकारी ने कहा है कि बकाया भुगतान कराने को लेकर वह मिल मालिकों से बात कर रहे हैं। पूरे प्रकरण से शासन को भी अवगत करा दिया गया है। जल्दी ही उनका बकाया भुगतान कराया जाएगा। दोनों अधिकारियों से मिले आश्वासन से शनिवार को होने वाली महापंचायत में किसानों को अवगत कराया जाएगा। इसके बाद ही आमरण अनशन को लेकर निर्णय लिया जाएगा।