-सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक के लिए दिशा निर्देश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन कराने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों पर रहेगी। अपर मुख्य सचिव द्वारा दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
जनपद में इस बार 66 हजार से अधिक विद्यार्थी दसवीं और 12वीं की परीक्षा देंगे। केंद्रों का निर्धारण पहले किया जा चुका है। जैसे-जैसे परीक्षाओं की तिथि नजदीक आ रही है। व्यवस्थाओं को लेकर नए दिशा निर्देश मिल रहे हैं। अपर मुख्य सचिव की ओर से जारी पत्र में परीक्षा को नकलविहीन कराने पर जोर दिया गया है। परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा कक्ष निरीक्षकों के लिए एसओपी यानी क्या करें और क्या न करें के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा सामग्री, जिसमें प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाएं आदि शामिल हैं को केंद्राें पर सुरक्षित पहुंचाने, परीक्षा कराने और उसके बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखवाने की जिम्मेदारी मजिस्ट्रेट्स को दी गई है।