अंबेहटा/रामपुर मनिहारान। दो सड़क हादसों में मदरसे के दो तलबा सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान एक तलबा की मौत हो गई।
अंबेहटा में इस्लामनगर रोड पर स्थित मदनी मदरसे के पास इस्लामनगर की ओर से तेज गति से आ रही स्विफ्ट गाड़ी ने मदरसे में पढ़ने वाले नकुड़ के मोहल्ला सादलगंज निवासी अनस 16 पुत्र साजिद व अंबेहटा निवासी अब्दुल्ला को टक्कर मार दी। इसके बाद कार भी बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नकुड़ सीएचसी ले जाया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां अनस की मौत हो गई, जबकि अब्दुल्ला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने गाड़ी को चालक सहित कब्जे में ले लिया है।
दूसरे हादसे में रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर पूर्वी यमुना नहर के पुल के पास बृहस्पतिवार देर रात शेरपुर पुल के पास दो बाइकों की टक्कर हो गई। इसमें बिजली निगम में संविदा कर्मचारी रॉबिन निवासी बलाल खेड़ी थाना नकुड़, शुभम, परिचित कपिल निवासी सकतपुर देहात कोतवाली गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां से तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। विद्युत संविदा कर्मी को गंभीर हालत में हाई सेंटर रेफर किया गया।