बेहट के गांव अलीपुर भगूवाला में गैस सलेंडर में आग लगने से झुलसे बच्चें एवं महिला
- फोटो : SAHARANPUR
रसोई गैस सिलिंडर में लगी आग, महिला और दो बच्चे झुलसे
बेहट (सहारनपुर)। अलीपुर भागूवाला गांव में खाना बनाते समय रसोई गैस सिलिंडर में गैस लीक होने पर आग लग गई। इसमें एक महिला और उसके दो मासूम बच्चे झुलस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने गैस सिलिंडर में धधक रही आग पर बड़ी मुश्किल से काबू पाया और आग में झुलसी महिला एवं उसके दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के दौरान अफरा-तफरी का माहौल रहा। हादसा रविवार दोपहर करीब दो बजे हुआ।
थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव अलीपुर भागूवाला निवासी नीटू की पत्नी ममतेश ने रसोई में खाना बनाने के लिए गैस चूल्हा चालू किया। अचानक पास में रखे रसोई गैस सिलिंडर ने गैस लीक होने पर आग पकड़ ली। आग रसोई में फैल गई। आग में झुलसने से उसकी पांच वर्षीय बेटी रितिका व तीन वर्षीय बेटे राहुल को अपनी चपेट में ले लिया। शोर सुनकर मौके पर आए ग्रामीणों ने आग से घिरे महिला एवं उसके दो मासूमों को किसी तरह रसोई से बाहर निकाला, लेकिन जब तक वह तीनों झुलस गए थे। सिलिंडर में विस्फोट होने के डर से आसपास अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों द्वारा हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग से धधक रहे सिलिंडर को उठाकर किसी तरह पानी के हौद में फेंका। तब जाकर सिलिंडर में लगी आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद पुलिस आग में झुलसी महिला और उसके दोनों बच्चों को लेकर अस्पताल गई।