सहारनपुर। संभागीय परिवहन विभाग में नए ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। आवेदकों के लिए स्लॉट आवंटन की संख्या सीमित होने के कारण ऐसे वेटिंग बढ़ रही है। उन्हें 20 से 30 दिन तक का इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे परेशान आवेदक आरटीओ कार्यालय और आसपास के एजेंटों से संपर्क भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि स्लॉट आवंटन संख्या बढ़नी चाहिए जिससे वेटिंग कम हो सके।
नए ड्राइविंग लाइसेंस के लिए साइट पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद संभागीय परिवहन विभाग की ओर से जरूरी दस्तावेजों के परीक्षण के लिए स्लॉट आवंटन किया जाता है। इसमें अलग-अलग तिथियां निर्धारित कर निश्चित संख्या में आवेदकों बुलाने की प्रक्रिया को पूूरा किया जाता है। कोरोना काल से पहले एक दिन में 200 से 250 आवेदकों तक को कवर किया जा रहा था। लेकिन कोरोना काल में यह संख्या घटकर 60 कर दी गई। इसके चलते आवेदकों की कतार बढ़ती चली गई।
अनलॉक पीरियड में जैैसे ही बंदिशें कम हुई हैं तो स्लॉट पाने के लिए आवेदकों का दबाव भी बढ़ता जा रहा है। उनकी ओर से बार बार इसकी संख्या बढ़ाने की मांग की जा रही है। इसे कुछ हद तक बढ़ाकर 120 स्लॉट तक कर दिया गया। लेकिन अब भी वेटिंग कम नहीं हो रही है।
-------
25 दिन बाद आया डीएल का नंबर
- चिलकाना रोड निवासी सचिन कुमार ने टीपी नगर में एक एजेंट के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। सचिन बताते हैं कि 25 दिन बाद उनके डीएल का नंबर आया है। इन दिनों वाहनों की चेकिंग तेज हो गई है। त्योहारों में बाहर जाना पड़ता है, इसलिए डीएल ना बनने पर बहुत परेशान थे।
--------
कभी दफ्तर, कभी एजेंट के काटे चक्कर
- अंबाला रोड स्थित अलीपुुरा गांव के रहने वाले कय्यूम ने भी एक एजेंट के माध्यम से ही ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन कराया था। उन्हें भी दो सप्ताह बाद स्लॉट आवंटित हो पाया। अब उनके डीएल की प्रक्रिया पूरी हो सकी।
--------
स्लॉट कम होने से जल्द ही बंद हो जाती है साइट
- स्लॉट आवंटन की संख्या कम होने के कारण आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया में भी बाधा आ रही है। इसलिए आवेदन के समय भी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है।
----- वर्जन ----
स्लॉट बढ़ा रहे हैं, कम होगी वेटिंग : एआरटीओ
- सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अजीत श्रीवास्तव कहते हैं कि स्लॉट संख्या बढ़ाकर 200 कराई जा रही है। इससे आवेदकों की वेटिंग लिस्ट कम होगी और जल्द ही डीएल बन सकेंगे। शुक्रवार से ही बदली हुई व्यवस्था शुरू कराई जाएगी।