सहारनपुर जिले के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक इमरान मसूद एक बार फिर कांग्रेस में जा सकते है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जमकर तारीफ कर उन्हें राजनीति में देश का हीरो बताया है। इससे कयास लगाए रहे है कि वह फिर कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। हालांकि, उनका कहना है कि उन्हें बहनजी ने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयारी करने के निर्देश दे रखे है, फिर भी चाहे जो हो जाए मुझे लोकसभा चुनाव तो हर हाल में लड़ना है। उनका सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से सियासी गलयारों में उनका फिर से पाला बदलने की चर्चा तेज हो गई है।
इमरान मसूद ने एक निजी चैनल से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की खूब तारीफ की। इमरान मसूद बोले कि, राहुल गांधी देश के हीरो हैं, वह देश और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के बारे में सोचते हैं। राहुल गांधी बेखौफ होकर जनता के हित की बात करते हैं। सत्ता परिवर्तन जरुरी है, वर्तमान सरकार से संविधान को खतरा है। एक राहुल गांधी ही हैं, जो हर वर्ग और गरीब के हितैषी हैं। वर्तमान में अन्य पार्टियों के नेता वर्तमान सरकार की गलत नीतियों पर नहीं बोल रहे हैं। सिर्फ राहुल गांधी ही एक ऐसे नेता है, जो गलत नीतियों का विरोध कर रहे हैं।