-परीक्षा के दौरान आपस में भिड़ गए थे छात्र, एक-दूसरे पर फेंकी थी कुर्सियां
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जेवी जैन कॉलेज से निष्कासित एलएलबी के छात्र बहाली के लिए उच्च न्यायालय पहुंचे हैं। उनका कहना है कि न्यायालय ने कॉलेज के निर्णय पर स्थगन आदेश दिया है, लेकिन कॉलेज प्रशासन उसे मानने से मना कर रहा है।
दस मई 2023 को जेवी जैन कॉलेज में लॉ की परीक्षा के दौरान छात्रों के दो गुटों में कक्ष के भीतर ही झगड़ा हो गया था। उन्होंने एक दूसरे पर कुर्सियों से हमला कर दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रशासन ने सभी छात्रों को निष्कासित कर दिया था, साथ ही उनका नाम काली सूची में डाल दिया था। इसके बाद बहाली के लिए दोनों गुटों में समझौता हो गया था, जिसके बाद उन्होंने कॉलेज प्रशासन से बहाली की मांग की थी। एक पक्ष के छात्र सद्दाम और शाहलम ने बताया कि कॉलेज प्रशासन द्वारा बहाली नहीं किए जाने पर वह उच्च न्यायालय गए थे। न्यायालय ने कॉलेज के निष्कासन और काली सूची में डालने के आदेश को स्थगित कर दिया है। उन्होंने बताया कि वह न्यायालय का आदेश लेकर कॉलेज गए थे और बहाली की मांग की। आरोप है कि कॉलेज प्रशासन उन्हें बहाल नहीं कर रहा है। उधर, प्राचार्य प्रोफेसर वकुल बंसल का कहना है कि छात्रों की बहाली के संबंध में यदि न्यायालय द्वारा कोई आदेश दिया है तो उसे लेकर विचार किया जाएगा।